स्टेट RED RUN में गया का जलवा, बालक-बालिका दोनों वर्गों में जीता खिताब

पटना/गया/बोधगया, 28 जुलाई 2026।

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग और बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी (BSACS) के संयुक्त तत्वावधान में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित राज्य स्तरीय ‘स्टेट RED RUN’ मैराथन प्रतियोगिता में गया जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।

बालक और बालिका दोनों वर्गों में गया के खिलाड़ियों ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राष्ट्रीय मैराथन 2026 के लिए बिहार से चुने गए छह धावकों में तीन खिलाड़ी मगध विश्वविद्यालय से जुड़े हैं।

प्रतियोगिता में बिहार के सभी 38 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव कुमार रवि और विशिष्ट अतिथि रेड रिबन परियोजना के निदेशक सुमित कुमार रहे।

इस अवसर पर पूरे राज्य के 38 जिलों में उत्कृष्ट कार्य के आधार पर पांच सर्वश्रेष्ठ नोडल अधिकारियों का चयन किया गया। इनमें मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के कंप्यूटर साइंस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं गया जिला के रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार को भी सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में गया कॉलेज के श्रवण कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्हें ₹10,000 की नकद राशि, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। भागलपुर के ऋतु राज दूसरे स्थान पर रहे, जबकि गया के कुणाल आर्य ने तीसरा स्थान हासिल कर ₹5,000 की पुरस्कार राशि और पदक अपने नाम किया।

बालिका वर्ग में गया की कमली कुमारी ने बेहतरीन दौड़ लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्हें ₹10,000 की पुरस्कार राशि और स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय मैराथन 2026 के लिए बिहार से छह धावकों का चयन किया गया है। इनमें श्रवण कुमार, कमली कुमारी और कुणाल आर्य शामिल हैं, जो गया जिले और मगध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव कुमार रवि और परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं सम्मानित नोडल अधिकारियों को बधाई दी। वहीं मगध विश्वविद्यालय प्रशासन, खेल प्रेमियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने डॉ. धर्मेंद्र कुमार, टीम कोच तथा सभी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

Leave a Comment